भारत दौरे पर आधारभूत क्षेत्र में निवेश पर चर्चा करेंगे गेथनर
वित्त विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक गेथनर अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करने के अलावा वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के साथ भारत-अमेरिका आर्थिक और वित्तीय साझेदारी फोरम की शुरुआत करेंगे।
गेथनर बुधवार को मुंबई जाएंगे, जहां वह अमेरिका और भारत के व्यापारिक नेताओं से बातचीत करेंगे। अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के उपाध्यक्ष डोनाल्ड कोन और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी दौरे में केथनर के साथ होंगे।
नवंबर में राष्ट्रपति बराक ओबामा और मनमोहन सिंह की मुलाकात के दौरान साझेदारी फोरम की घोषणा की गई थी। इससे दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण आर्थिक मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
इस साझेदारी फोरम के तहत तीन मुख्य मुद्दों-व्यापक आर्थिक नीति, वित्तीय क्षेत्र और आधारभूत संरचना क्षेत्र में निवेश-पर चर्चा की जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि विशेष आर्थिक मुद्दों पर आगे बढ़ने के लिए कार्यकारी समूह की बैठकें चलती रहेगी। इसके अलावा गेथनर वैश्विक वित्तीय बाजार और भारतीय पूंजी बाजार में सुधार के बारे में समूह-20 में द्विपक्षीय सहयोग के बारे में चर्चा करेंगे।
अधिकारी ने कहा कि भारत ने मजबूत घरेलू मांग के आधार पर विकास का एक 'संतुलित प्रतिमान' स्थापित किया है, इसके बावजूद अमेरिका भारतीय वित्तीय बाजार को चरणबद्ध तरीके से खोले जाने का इच्छुक है।
अधिकारी ने कहा कि गेथनर द्विपक्षीय संबधों को मजबूत बनाना चाहते हैं। यदि भारतीय बैंकों और अन्य संस्थाओं में निवेश की अनुमति मिलती है तो अमेरिकी वित्तीय कंपनियों को एक शानदार मौका हासिल होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications