हैती को 10 अरब डॉलर की सहायता : संयुक्त राष्ट्र
न्यूयार्क, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि दर्जनभर देशों और संगठनों ने भूकंप प्रभावित हैती के लिए अगले दस साल में 10 अरब डॉलर की सहायता देने की प्रतिबद्धता जाहिर की है।
संयुक्त राष्ट्र न्यूज सेंटर के मुताबिक महासचिव बान की मून ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय समुदाय हैती और उसकी जनता के लिए नाटकीय ढंग से एकजुट हो गया है। आज सयुंक्त राष्ट्र हैती के लिए एकजुट है।"
उल्लेखनीय है कि अगले 18 महीनों में इस राशि में से लगभग 5.3 अरब डॉलर की राशि उपल्बध कराई जाएगी।
इससे पहले इस वैश्विक संस्था ने कैरेबियाई देश हैती की बदहाली दूर करने के लिए तत्काल धनराशि जुटाने के लिए कहा था। हैती में 12 जनवरी को विनाशकारी भूकंप आया था जिसमें 220,000 से अधिक लोग मारे गए थे।
मून ने कहा, "बरसात का मौसम नजदीक आता जा रहा है। विस्थापितों में से कुछ के शिविर बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्र में हैं। स्वास्थ्य और सफाई जैसे मुद्दे और गंभीर हो रहे हैं।"
हैती के राष्ट्रपति ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय समुदाय अपनी भूमिका अदा कर चुका है। अब यह हैती निवासियों पर निर्भर है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications