मेनिनजाइटिस में कारगर हो सकता है नया टीका
लंदन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। मेनिनजाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) से बचाव में एक नया टीका कारगर हो सकता है। यह टीका इस बीमारी के चार प्रमुख कारकों से सुरक्षा प्रदान करता है। यूरोपीय बाजारों में यह टीका मिलना शुरू हो गया है।
इस टीके को 'मेनवियो' नाम दिया गया है। उप-सहारा अफ्रीका में मेनिनजाइटिस से बचाव के लिए यात्रा टीके के रूप में इसका इस्तेमाल किया जाता है। अफ्रीका के एक बुहत बड़े हिस्से को मेनिनजाइटिस बेल्ट कहा जाता है। इस इलाके में मेनिनजाइटिस महामारी की समस्या गंभीर है।
यह टीका लंबे समय तक इस बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है।
मेनिनजाइटिस बीमारी के कारक दुनियाभर में अलग-अलग हैं। अफ्रीका के कुछ इलाकों में ए स्ट्रेन के संक्रमण से कई लोगों की मौत हुई है और कई लोग बीमार हुए हैं। वहां डब्ल्यू-135 स्ट्रेन के संक्रमण के मामलों में भी वृद्धि देखी गई है जबकि यह स्ट्रेन बहुत दुर्लभ होता है।
अमेरिका में वाई-स्ट्रेन का संक्रमण सामान्य है और दक्षिण अमेरिका में इसमें वृद्धि देखी जा रही है।
'डब्ल्यूएचओ कोलेबोरेटिंग सेंटर फॉर ट्रेवल मेडीसिन' के निदेशक जेन जुकरमैन ने 'यूनीवर्सिटी कॉलेज लंदन मेडीकल स्कूल' में कहा कि यात्रियों को एक विशेषज्ञ यात्रा स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना चाहिए, जहां उन्हें बीमारी के संबंध में जानकारी तथा उसके इलाज के लिए आवश्यक टीके और दवाईयां मिल सकेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications