जीवनशैली में बदलाव से होगा कैंसर से बचाव
लंदन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। जीवनशैली में कुछ साधारण से बदलाव कर लिए जाएं तो कैंसर की बीमारी के खतरे को टाला जा सकता है। यह राय विशेषज्ञों ने जाहिर की है।
वेबसाइट 'डेलीएक्सप्रेस डॉट को डॉट यूके' के मुताबिक ब्रिटेन के कैंसर रिसर्च विशेषज्ञों का कहना है कि संक्रामक बीमारियों की तरह टीकाकरण से कैंसर को नहीं रोका जा सकता और सभी प्रकार के कैंसर नहीं रोके जा सकते लेकिन यदि जीवनशैली में कुछ बदलाव किए जाएं तो इस बीमारी के खतरे को कम किया जा सकता है।
धूम्रपान दुनियाभर में कैंसर का अकेला सबसे बड़ा कारण है। धूम्रपान की आदत छोड़कर कैंसर विकसित होने के जोखिम को बहुत हद तक कम किया जा सकता है।
मद्यपान से स्तन, आंत, लीवर और मुंह के कैंसर सहित सात प्रकार के कैंसर हो सकते हैं। जितनी कम शराब पीएंगे कैंसर का खतरा उतना ही कम होगा।
शरीर के वजन को उपयुक्त रखकर कैंसर के खतरे को बहुत हद तक कम किया जा सकता है। फलों और सब्जियों के अधिक से अधिक सेवन और नाश्ते में फल या दही लेने से भी लाभ होता है। चॉकलेट और चिप्स का लालच छोड़ने और इनकी जगह फल खाने का आश्चर्यजनक असर देखा जा सकता है।
सप्ताह में पांच दिन के लिए प्रत्येक दिन 30 मिनट तक चहल-कदमी, बागवानी और घरेलू काम-काज जैसी गतिविधियां करने वाले लोगों में स्तन व आंत कैंसर की संभावना कम होती है।
ज्यादातर त्वचा कैंसर सूर्य की पराबैंगनी किरणों के संपर्क में आने से होते हैं। धूप में निकलते समय चेहरे पर कपड़ा लपेटकर या सनस्क्रीन लगाकर निकलने से इससे बचा जा सकता है।
सुरक्षित यौन संबंध भी कैंसर से बचने का एक कारगर उपाय हैं। हैपेटाइटिस बी, हैपेटाइटिस सी और एचआईवी जैसे कुछ वायरस कैंसर का कारण हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications