मेरे खिलाफ पैदा किया गया विवाद: अमिताभ

गत बुधवार को ही बांद्रा-वरली सीलिंक के दूसरे चरण के उद्घाटन समारोह के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने यह बयान दिया कि यदि उन्हें पता होता कि समारोह में अमिताभ आ रहे हैं, तो वो उसमें शामिल नहीं होते। जबकि सार्वजनिक उपक्रम मंत्री और एमएसआरडीसी के चेयरमैन जयदत्त क्षीरसागर ने अमिताभ बच्चन को बुलाने के फैसले को सही ठहराया है।
पढ़ें- केरल पर्यटन के ब्रांड एम्बेस्डर बनें बिग बी
इस पर अमिताभ ने चव्हाण को जवाब दिया है कि कार्यक्रम के बारे में मुंबई के सभी अखबारों में आधे पेज का विज्ञापन दिया गया था। बिग बी ने अपने ब्लॉग के माध्यम से कहा कि उन्हें समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था, न कि वे खुद वहां पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि बाकायदा लोकनिर्माण विभाग के मंत्री ने अपने लेटरहेड पर औपचारिक निमंत्रण भेजा था।
बिग बी के समारोह में शामिल होने पर नाराज कांग्रेसियों पर उन्होंने कहा, "मैं वहां था. बेहद अच्छा कार्यक्रम था. इसके बाद क्या हुआ, यह उनकी समस्या है, मेरी नहीं। यदि यह राजनीतिक मुद्दा है तो मैं बता दूं कि मैनें 25 साल पहले राजनीति छोड़ दी थी। मैं किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं जुड़ा हुआ हूं।" बिग बी ने आगे कहा, "समारोह में मेरी भागीदारी पर नया विवाद पैदा किया जा रहा है, जिसके बाद से मीडिया मेरे पीछे पड़ा हुआ है।"
इस मामले को लेकर राजनीतिक पार्टियां भी महाराष्ट्र कांग्रेस के खिलाफ बोल रही हैं। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि बांद्रा-वरली सी लिंक कांग्रेस की नहीं बल्कि राष्ट्र की संपत्ति है। हर भारतीय को वहां होने का अधिकार है। अमिताभ बच्चन देश के गौरव होने के साथ-साथ प्रतिष्ठित मुंबईवासी भी हैं। लिहाजा उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का पूरा अधिकार है।












Click it and Unblock the Notifications