रायबरेली में सांप्रदायिक झड़प, तनाव
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक शलिकराम वर्मा ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि घटना डीह थाना क्षेत्र के परसदेपुर कस्बे में हुई। उन्होंने कहा कि अब तक शांतिभंग करने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं। प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) और पुलिस के जवानों की भारी संख्या में तैनाती की गई है। वर्मा ने कहा कि फिलहाल स्थति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह से काबू में है।
पुलिस के अनुसार परसदेपुर कस्बे में रविवार शाम कुछ लोग एक मंदिर के पास शिव बारात यात्रा निकाल रहे थे। शाम को बारात जैसे ही अंसार चौक के पास पहुंची कुछ लोगें ने इस पर पथराव कर उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हुई।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे की कई दुकानों और वाहनों को फूंक दिया। इस दौरान जमकर मारपीट और पथराव भी हुआ, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए। डीह थाना प्रभारी भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि घायलों में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। ज्यादातर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। तनावग्रस्त इलाका कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी के अंतर्गत आता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications