मप्र में नेताओं के स्वागत करने का बदलता अंदाज
मध्य प्रदेश में स्वागत समारोहों में हथियारों का नजर आना आम बात हो गई हैं। आलम यह है कि इनका प्रदर्शन कर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता अपनी ताकत का इजहार करते हैं। ऐसा करने वालों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई न होने से यह प्रवृति लगातार बढ़ती ही जा रही है।
रविवार का दिन गोलियों से स्वागत के नाम रहा। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र सिंह तोमर का मुरैना के अम्बाह क्षेत्र में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। यहां कई कार्यकर्ताओं ने हवा में गोलीबारी भी की। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। तोमर ने इस हादसे के बाद सफाई भी दी है कि जिस व्यक्ति ने गोली चालाई और जो घायल हुआ वह दोनों ही पार्टी के नहीं है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि स्वागत में किसी तरह की फायरिंग न की जाए इसके निर्देश भी कार्यकर्ताओं को दिए गए थे।
चंबल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एस.के.झा ने गोलीबारी की जांच के आदेश देते हुए कहा है कि अम्बाह में गोली तोमर का काफिला निकलने के बाद चली थी। इस गोलीबारी का स्वागत से कोई वास्ता नहीं है। गोली चलाने वाले को गिरफ्तार कर बंदूक जब्त कर ली गई है।
इसी तरह कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आकाश आहूजा के स्वागत में समर्थकों ने ग्वालियर में जमकर हवा में गोलीबारी की। ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम.एस. वर्मा ने बताया है हवाई फायरिंग की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications