ओबामा की बड़ी जीत, स्वास्थ्य विधेयक पारित (लीड-2)
वाशिंगटन, 22 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका में ऐतिहासिक स्वास्थ्य सुधार विधेयक को हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने पारित कर दिया है। यह राष्ट्रपति बराक ओबामा की एक बड़ी राजनीतिक जीत है।
हाऊस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में इस विधेयक को 212 के मुकाबले 219 मतों से पारित किया गया। 875 अरब डॉलर के प्रावधान वाले इस विधेयक को सीनेट की मंजूरी पहले ही मिल गई थी।
इस विधेयक का विरोध करने वाले 212 सदस्यों में ओबामा की पार्टी के 34 सदस्य भी थे। ओबामा के एजेंडे में यह विधेयक सबसे ऊपर था और इसको पारित कराने के लिए वह पुरजोर कोशिश कर रहे थे। इस विधेयक को सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
विधेयक के पारित होने के बाद ओबामा ने कहा, "यह सरल मतदान नहीं रहा लेकिन एक सही मतदान जरूर रहा।" उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि सभी अमेरिकियों की जीत है।
ओबामा ने कहा कि यह विधेयक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में गलत कदम बिल्कुल नहीं है बल्कि यह एक सही दिशा की ओर ले जाने वाला कदम जरूर है।
अब इस विधेयक पर ओबामा की दस्तखत इसे कानून का शक्ल दे देगी। वरिष्ठ डेमोक्रेट जेम्स ई. क्लाबर्न ने कहा, "यह 21वीं सदी का नागरिक अधिकार अधिनियम है। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications