गोवा के समुद्र तटों पर हेलीकॉप्टर से रखी जाएगी नजर
गोवा विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र में अपने उद्बोधन में राज्यपाल एस. एस. सिद्धू ने कहा कि समुद्र तटों के बेहत प्रबंधन के लिए केंद्र सरकार ने एक हेलीकॉप्टर सहित कई अन्य सुविधाएं देने के लिए कहा है।
सिद्धू ने कहा, "केंद्र की ओर से हर समय तटों पर नजर रखने के लिए एक हेलीकॉप्टर देने का वादा किया गया है।"
राज्यपाल ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस वित्त वर्ष में 49 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी है।
उन्होंने कहा, "मेरी सरकार ने पहले ही एक उन्नत समुद्र तट सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली स्थापित की है जिसके चलते डूबने के कारण होने वाली मौतों की संख्या में कमी आई है।"
गौरतलब है कि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मीडिया में विदेशी पर्यटकों के खिलाफ होने वाले विभिन्न अपराधों को व्यापक प्रचार मिलने के बाद गोवा में पर्यटकों की सुरक्षा चिंता का एक बड़ा विषय बन गई थी।
इस समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार तेजी से एक विशेष पर्यटक सुरक्षा बल का गठन कर रही है। इसमें पूर्व सैनिकों को शामिल किया जा रहा है। यह सुरक्षा बल राज्य में तटों पर गश्त लगाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications