चाय बागान मालिक की गोलीबारी में छात्र की मौत
पुलिस ने बताया कि गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित रानी चाय बागान में यह घटना तब हुई, जब आरोपी मृदुल कुमार भट्टाचार्य के एक जनजातीय महिला का शारीरिक उत्पीड़न करने की घटना से बागान श्रमिक भड़क उठे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "एक जनजातीय महिला अपने गांव से एक दूसरे गांव जाने के लिए चाय बागान से होते हुए जा रही थी, तभी बागान मालिक ने पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी और महिला के कपड़े भी फाड़ दिए। जल्दी ही, बड़ी तादाद में बागान में काम कर रहे श्रमिक और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और भट्टाचार्य पर हमला करने की कोशिश करने लगे। इस पर बागान मालिक ने लाइसेंसी बंदूक से भीड़ पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।"
इस गोलीबारी में कक्षा आठवीं के छात्र प्रदीप मुरली की मौत हो गई और एक महिला सहित चार लोग जख्मी हो गए।
अधिकारी ने बताया कि भट्टाचार्य बचकर भागने में सफल रहा। आक्रोशित भीड़ ने दो कारखानों, कई कार्यालयों और वाहनों में आग लगा दी। अग्निशमन दल के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications