बरेली में कर्फ्यू में ढील
जिला प्रशासन ने सोमवार को कर्फ्यू में सुबह छह बजे से 10 बजे तक चार घंटे की ढील दी थी। मंगलवार को इसे बढ़ाकर आठ घंटे कर दिया गया है।
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजीव सबरवाल ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्रों में मंगलवार सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी हालांकि इस दौरान रिक्शे और साइकिल को छोड़कर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चलने पर प्रतिबंध रहेगा।
सबरवाल ने कहा कि हालात तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह काबू में है। पिछले 72 घंटों से शहर में किसी भी तरह की हिंसा की खबर नहीं है। कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि की वजह से मंदिरों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि फिलहाल सभी निजी और सरकारी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इस संबंध में हालात पूरी तरह से सामान्य होने के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मुस्लिम धर्मगुरु व इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल के अध्यक्ष तौफीक रजा खान की रिहाई के बाद बीते शुक्रवार को एक बार फिर से हिंसा भड़क गई थी, जिसके बाद शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में भी कर्फ्यू लगा दिया गया था। इससे पहले किला, बारादरी, कोतवाली और प्रेमनगर थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी था।
बरेली शहर में सांप्रदायिक हिंसा की शुरूआत गत दो मार्च को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान दो समुदायों के बीच टकराव के बाद हुई थी, जिसके बाद लगातार तनाव बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications