श्रीनगर और सोपोर में आतंकी हमला, 3 मरे

आतंकवादियों ने दिन में श्रीनगर के भीड़भाड़ वाले बाजार लाल चौक में गोलियां चलाईं जिसमें एक दुकानदार की मौत हो गई और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों समेत चार घायल हो गए।
शहर के पुलिस प्रमुख जावेद रियाज ने बताया, "सीआरपीएफ के जवानों को निशाना बनाकर तीन आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलियां बरसाईं जिससे दो जवानों समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां एक की मौत हो गई।"
पढ़ें- देश-विदेश की अन्य खबरें
रियाज ने कहा कि मृतक की पहचान खुर्शीद अहमद के रूप में की गई है जो एक दुकान पर सेल्समैन का काम करता था। पुलिस के मुताबिक चारों घायलों की हालत गंभीर है। घायल जवानों के नाम कांस्टेबल बसंत कुमार और हेड कांस्टेबल ओंकार राम है। इलाके में गोलीबारी की आवाज सुनकर अफरातफरी मच गई। अपने बचाव के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे जबकि गोलीबारी करने के बाद आतंकवादी भागने में कामयाब हो गए।
इसके बाद शाम को उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे में आतंकवादियों ने एक पुलिस गश्ती दल पर हमला किया जिससे दो की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "सोपोर कस्बे में एक बस अड्डे के पास शाम को पुलिस की नियमित गश्त चल रही थी। इसी दौरान आतंकवादियों ने हमला किया जिससे एक पुलिसकर्मी इशाक हुसैन और एक आम नागरिक की मौत हो गई जबकि एक पुलिसकर्मी और तीन आम लोग जख्मी हो गए।"
उल्लेखनीय है कि रविवार को आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के एक वाहन पर हैंड ग्रेनेड फेंका था जिसमें एक जवान की मौत हो गई थी और पांच घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी 'कश्मीर बचाओ आंदोलन' नामक आतंकवादी संगठन ने ली थी। यह संगठन इससे पहले ऐसे कई हमलों और राजनेताओं की हत्या की जिम्मेदारी ले चुका है। माना जा रहा है कि इसके संबंध लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों से हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications