महिला आरक्षण पर आम सहमति बने : गोविंदाचार्य
नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन के संयोजक एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता के. एन. गोविंदाचार्य ने कहा है कि महिला आरक्षण विधेयक को पास कराने के लिए आम सहमति बनाई जाए। इसके लिए यदि बहुमत की दादागीरी का इस्तेमाल किया गया तो समाज टूटेगा।
उन्होंने बहुमत की इस दादागीरी के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों को समान रूप से जिम्मेदार ठहराया और कहा कि वामदलों ने भी इन दोनों पार्टियों का साथ दिया।
पूर्व भाजपा नेता ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक में कमजोर, पिछड़े और वंचित वर्ग की महिलाओं को हिस्सा न देना सरासर धोखाधड़ी है। इसके पीछे न तो कोई नैतिक आधार है और न ही संविधान सम्मत तर्क है।
गोविंदाचार्य ने कहा कि आम सहमति और जनमत के जरिए इस विधेयक को लागू करवाने के लिए यह जरूरी है कि सभी राजनीतिक दलों के नेता महिला आरक्षण विधेयक को राजनीतिक स्वार्थ सिद्धि का मोहरा न बनाएं और दलीय स्वार्थो से ऊपर उठकर काम करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications