मार्च में 2 अंकों तक पहुंच सकती है मुद्रास्फीति : मुखर्जी
नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को कहा है कि मार्च महीने में मुद्रास्फीति की दर दो अंकों तक पहुंच सकती है।
मुखर्जी ने वित्त वर्ष 2010-11 के बजट पर राज्यसभा में चर्चा के दौरान कहा, "मार्च तक यदि मुद्रास्फीति दो अंकों तक चली जाए तो मुझे इस पर कोई आश्चर्य नहीं होगा। हमारी प्राथमिक चिंता खाद्य पदार्थो की कीमतों को लेकर है। इसे नियंत्रित करना है।"
खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी के कारण देश की वार्षिक मुद्रास्फीति फरवरी महीने में 16 महीनों की सर्वोच्च ऊंचाई पर 9.89 प्रतिशत पर पहुंच गई। जनवरी महीने में मुद्रास्फीति 8.56 प्रतिशत थी।
मुखर्जी ने कहा कि जब उन्होंने वित्त मंत्री का पदभार ग्रहण किया था उस समय मुद्रास्फीति 17 प्रतिशत थी।
मुखर्जी ने कहा, "जब हमारे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 1993 के दौरान वित्त मंत्री का कार्यभारत ग्रहण किया था, उस समय मुद्रास्फीति 16 प्रतिशत को स्पर्श कर गई थी और जब इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री का पद संभाला था तो उस समय मुद्रास्फीति 21 प्रतिशत की सीमा पार कर गई थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications