परमाणु विवाद पर बातचीत की जानी चाहिए : ईरान
तेहरान, 16 मार्च (आईएएनएस)। ईरान ने मंगलवार को पश्चिमी देशों का आह्वान किया है कि तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर पैदा हुए विवाद पर बातचीत को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ईरानी संसद के अध्यक्ष अली लारिजानी ने तेहरान में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "बातचीत आयोजित करना उचित विकल्प होगा और यदि उसमें कोई विवाद है तो उसे बातचीत के खाके में उठाया जाना चाहिए।"
लारिजानी ने कहा कि धमकी देना, चेतावनी जारी करना और प्रतिबंध जैसे मुद्दे खड़े करने से कोई परिणाम नहीं निकलने वाला है।
लारिजानी फ्रांस के विदेश मंत्री बर्नार्ड कुचनर द्वारा रविवार को की गई टिप्पणियों का जिक्र कर रहे थे। कुचनर ने कहा था कि यदि संयुक्त राष्ट्र इस मुद्दे पर राजी नहीं हो पाया तो यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देश ईरान पर एकतरफा प्रतिबंध लगाने को तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications