श्रीनगर के लाल चौक पर गोलीबारी, एक की मौत (लीड-3)
श्रीनगर, 16 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के भीड़भाड़ वाले बाजार लाल चौक में मंगलवार को आतंकवादियों ने गोलीबारी की जिससे एक दुकानदार की मौत हो गई और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों समेत चार लोग घायल हो गए।
शहर के पुलिस प्रमुख जावेद रियाज ने आईएएनएस को बताया, "सीआरपीएफ के जवानों को निशाना बनाकर तीन आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलियां बरसाईं जिससे दो जवानों समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां एक की मौत हो गई।"
रियाज ने कहा कि मृतक की पहचान खुर्शीद अहमद के रूप में की गई है जो एक दुकान पर सेल्समैन का काम करता था।
पुलिस के मुताबिक चारों घायलों की हालत गंभीर है। घायल जवानों के नाम कांस्टेबल बसंत कुमार और हेड कांस्टेबल ओंकार राम है।
इलाके में गोलीबारी की आवाज सुनकर अफरातफरी मच गई। अपने बचाव के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे जबकि गोलीबारी करने के बाद आतंकवादी भागने में कामयाब हो गए।
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने लाल चौक इलाके की घेराबंदी कर ली। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
उल्लेखनीय है कि रविवार को आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के एक वाहन पर हैंड ग्रेनेड फेंका था जिसमें एक जवान की मौत हो गई थी और पांच घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी 'कश्मीर बचाओ आंदोलन' नामक आतंकवादी संगठन ने ली थी।
यह संगठन इससे पहले ऐसे कई हमलों और राजनेताओं की हत्या की जिम्मेदारी ले चुका है। माना जा रहा है कि इसके संबंध लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों से हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications