बैंकाक में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों का अनोखा रक्तदान
बैंकाक, 16 मार्च (आईएएनएस)। थाईलैंड में सरकार से संसद भंग करने की मांग के मद्देनजर सरकार पर दबाव बनाने के लिए मंगलवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने रक्तदान किया। रक्तदान से इकट्ठा रक्त को सरकार के प्रशासनिक परिसर में फेंका जाएगा।
युनाइटेड फ्रंट फॉर डेमोक्रेसी अगेंस्ट डिक्टेटरशिप (यूडीडी) ने प्रधानमंत्री अभिसित वेज्जाजीवा को इस्तीफा देने के लिए मजबूर करने की ठानी है। उधर वेज्जाजीवा सोमवार को इस्तीफा देने से इंकार कर चुके हैं।
यूडीडी की मांग है कि संसद भंग करके इस सप्ताह नए चुनाव कराए जाएं ताकि उनके नेता और निर्वासित प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा की राजनीतिक वापसी का मार्ग प्रशस्त हो सके।
यूडीडी के नेताओं ने अपने 100,000 से ज्यादा समर्थकों से 10 लाख क्यूबिक सेंटीमीटर रक्त लेकर उसे मंगलवार शाम को सरकार के प्रशासनिक परिसर में फेंकने की कसम खाई है।
यूडीडी के हजारों समर्थक मंगलवार तड़के से राजदामनोएन एवन्यू के फान फा पुल पर रक्तदान के लिए इकट्ठा होने लगे। रक्तदान का कार्यक्रम शाम छह बजे तक चलेगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इतनी ज्यादा मात्रा में रक्त को इकट्ठा करने से स्वच्छता संबंधी खतरा पैदा हो सकता है।
यूडीडी के प्रवक्ता सीन बूनप्रॉकोंग के अनुसार रक्तदान अभियान हमारी एकता और भावना का प्रदर्शन है।
यूडीडी ने रविवार को चेतावनी दी थी कि प्रधानमंत्री अभिसित सोमवार दोपहर तक इस्तीफा देकर नए चुनाव कराने की घोषणा कर दें जबकि प्रधानमंत्री ने ऐसा करने से इंकार कर दिया।
सरकार ने बैंकाक और आसपास के सात प्रांतों में 11 मार्च से 23 मार्च के बीच आंतरिक सुरक्षा अधिनियम लगा दिया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैंकाक में 42,000 पुलिसकर्मियों और सैनिकों की तैनाती की गई है।
वर्ष 2001 से 2006 के दौरान प्रधानमंत्री रहे थाकसिन को सत्ता का दुरुपयोग करने के आरोप में दो साल की जेल हुई थी जिससे बचने के लिए वह 2008 में दुबई चले गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications