विश्व के सबसे छोटे कद के व्यक्ति पिंगपिंग का निधन (लीड-1)
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द डेली मेल' के मुताबिक इटली में एक टेलीविजन कार्यक्रम की शूटिंग के दौरान पिंगपिंग ने सीने में दर्द की शिकायत की थी।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद पिंगपिंग को रोम के एक अस्पताल में दाखिल किया गया। यह घटना शनिवार की है। अस्पताल में ही पिंगपिंग का निधन हुआ।
चीन में पैदा हुए पिंगपिंग को विश्व के सबसे कम कद के व्यक्ति के रूप में मार्च 2008 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस में जगह मिली थी। इसके बाद पिंगपिंग दुनिया भर में मशहूर हो गए थे।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस के प्रधान संपादक क्रेग ग्लेनडे ने खुद पिंगपिंग की लंबाई नापी थी। उस समय पिंगपिंग मंगोलिया के एक सुदूरवर्ती इलाके में रहा करते थे।
क्रेग ने पिंगपिंग को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "जैसे ही मेरी नजर पिंगपिंग पर पड़ी थी, मैं समझ गया था कि इस इंसान में कुछ खास है। उनकी शख्सियत इतनी शानदार थी कि कोई भी उनकी ओर आकर्षित हुए बगैर नहीं रह सकता था। पिंगपिंग अपने जीवनकाल में जितने भी लोगों से मिले, उन्हें खुश किया। वह उन लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत थे, जो आम लोगों की तरह नहीं दिखते।"
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस के प्रकाशकों ने कहा है कि विश्व के सबसे छोटे कद के व्यक्ति के रूप में पिंगपिंग के उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा आने वाले दिनों में की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।