इसरो के समीप गोलीबारी, सुरक्षा बढ़ाई गई (लीड-1)
इसरो के निदेशक एस.सतीश ने कहा कि बेंगलुरू से 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बायलालू केंद्र के समीप मंगलवार तड़के दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे थे, जब सुरक्षाकर्मियों ने उनसे पूछताछ की तो दोनों ने गोली चला दी। उन्होंने कहा, "गोलीबारी में न कोई घायल हुआ और न ही केंद्र को नुकसान पहुंचा।"
सतीश ने यह नहीं कहा कि 'यह आतंकवादी हमला' था। उन्होंने कहा, "यह पुलिस का काम है। हमने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया है और वे जांच कर रहे हैं।"
सतीश ने कहा कि डीएसएन और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी की घटना तड़के 3.30 बजे के करीब हुई थी।
सतीश ने कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने जब केंद्र के समीप घूम रहे दोनों संदिग्धों से पूछताछ की तो उन्होंने गोली चला दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जवाबी कार्रवाई में सीआईएसएफ के जवानों ने आठ राउंड गोलियां चलाईं।
सतीश ने कहा कि इसरो की सभी केंद्रों पर सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार सभी जवान अत्याधुनिक हथियारों से लैस होते हैं।
इसरो ने डीएसएन की स्थापना वर्ष 2007 में की थी।
इंड-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications