साइकिल से संसद आना चाहते हैं बीजद सांसद
भृतहरि माहताब ने आईएएनएस से कहा, "संसद में साइकिलों के प्रवेश का कोई प्रावधान नहीं है। मैंने अध्यक्ष से अनुमति मांगी है कि मुझे किस द्वार से प्रवेश करने की अनुमति दी जाए।"
उन्होंने संसद में एक साइकिल स्टैंड बनाए जाने की भी मांग की है।
माहताब ने कहा, "संसद पर हुए हमले के बाद से वहां की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक व्यक्ति या तो पैदल या एक वाहन में ही संसद में प्रवेश कर सकता है लेकिन वहां साइकिलों के प्रवेश का कोई प्रावधान नहीं हैं और साइकिल स्टैंड भी नहीं है।"
उन्होंने कहा, "मैंने सुझाव दिया है कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण पर उपदेश देने की बजाए हम अपनी ओर से कुछ पहल करें। यदि कुछ सदस्य संसद में साइकिल से आते हैं तो अन्य सांसदों पर भी इसका असर होगा।"
माहताब ने कहा कि उनके पास दिल्ली में एक साइकिल है और अक्सर वह उसी से यात्रा करते हैं।
लोकसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में जलवायु परिवर्तन पर बने संसदीय मंच में उनके सुझाव का राज्यसभा और लोकसभा के सदस्यों ने स्वागत किया है।
माहताब ने कहा, "अध्यक्ष सहित मंच के कुछ सदस्यों ने इस सुझाव का समर्थन किया है। अध्यक्ष ने कहा कि यदि वह मेरी उम्र की होती तो वह भी साइकिल चलाना पसंद करतीं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications