इराक चुनाव परिणाम के रुझान से कांटे की लड़ाई के संकेत
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इराक के सरकारी टेलीविजन ने खबर दी है कि बगदाद में अभी मात्र 18 प्रतिशत वोटों की गिनती हो पाई है और मोसुल व कर्बला के प्रमुख शहरों में केवल 16 प्रतिशत वोटों की गिनती हो पाई है।
मतगणना की धीमी गति के कारण राजनीतिक गलियारों में नेताओं के बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया है।
एक इराकी राजनीतिज्ञ ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है, तो वरिष्ठ शिया मौलाना अब्देल-महादी अल-कर्बलाई ने जुमे की नमाज के दौरान चुनाव आयोग से चुनाव परिणाम को तत्काल घोषित करने का आग्रह किया था, ताकि चुनाव की निष्पक्षता के बारे में संदेह न पैदा हो।
अभी तक घोषित परिणामों से प्रधानमंत्री नूरी अल-मलिकी की स्टेट ऑफ ला गठबंधन और पूर्व प्रधानमंत्री अयाद अलावी की इराकी लिस्ट के बीच कांटे का संघर्ष दिखाई दे रहा है।
स्टेट ऑफ ला गठबंधन के साथ जुड़े सांसद अब्दल्लाह इस्कंदार ने शनिवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनका गठबंधन नई संसद में 100 सीटें जीत लेगा।
उन्होंने कहा, "सरकार बनाने के लिए स्टेट ऑफ लॉ ने बातचीत का रास्ता बंद नहीं किया है। नए इराक के सर्वोत्तम हित में एक व्यापक गठबंधन बनाया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications