पुणे विस्फोट में एक माह बाद भी सुराग नहीं
यहां हजारों लोगों ने शनिवार सुबह बम विस्फोट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में विदेशी और विभिन्न कॉलेजों के छात्र भी शामिल रहे।
विस्फोट की जांच का जिम्मा राज्य के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपा गया है।
एटीएस प्रमुख के. पी. रघुवंशी ने आईएएनएस से कहा, "हम सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। जांच में काफी प्रगति है। जल्द ही हम सारी चीजों को लोगों के सामने ले आएंगे।"
इस मामले में अब तक करीब 100 संदिग्धों से पूछताछ करके उन्हें घर जाने की अनुमति दी जा चुकी है लेकिन कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी।
शहर में जनजीवन पहले ही की तरह सामान्य हो गया है हालांकि घटना के बाद यहां सुरक्षा इंतजाम पहले से कड़े कर दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 13 फरवरी को जर्मन बेकरी में हुए बम विस्फोट में पांच विदेशियों सहित 17 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हो गए थे जिनमें कई अब भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications