लाहौर हमले में मरने वालों की संख्या 57 हुई

पुलिस के अनुसार छावनी के दक्षिणी इलाके में आरए बाजार में सुरक्षाबलों के वाहनों के समीप ही दो आत्मघाती हमलावरों ने खुद को उड़ा लिया। इस हादसे में 57 लोग मारे गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने रणनीति के मुताबिक तीन मिनट के अंतराल में दो विस्फोट किए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सके।
पाकिस्तान में संस्कृति का केंद्र माने जाने वाले लाहौर में इस सप्ताह सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर किया गया यह दूसरा आत्माघाती हमला था। फोरेंसिक विशेषज्ञों, अधिकारियों और बम निरोधक दस्ते के मुताबिक आत्मघाती हमलावरों ने विस्फोटक से भरे जैकेट पहन रखे थे। प्रत्येक जैकेट में लगभग 10 किलोग्राम विस्फोटक भरा गया था।
पंजाब प्रांत के पुलिस महानिरीक्षक तारीक सलीम डोगर ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं को बताया, "हमने ठोस सबूत इक्कठा किए हैं, जिससे हमलावरों की पहचान करने में मदद मिलेगी। दोनों हमलावर पैदल आए थे।" उन्होंने कहा कि दोनों हमलावरों के सिर बरामद कर लिए गए हैं।
गौरतलब है कि दोनों आत्मघाती विस्फोटों का असर इतना अधिक था कि दर्जन भर से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और आस-पास की इमारतों के शीशे टूट गए। बम निरोधक दस्ते के एक अधिकारी के मुताबिक लगभग 13 मोटरसाइकिल, दो रिक्शा, दो साइकिल और छह निजी वाहन हमले में बूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। लाहौर में शुक्रवार देर रात हुए कम तीव्रता के सात विस्फोटों के दौरान पांच लोग घायल हो गए। छह विस्फोट अल्लामा इकबाल कस्बे में स्थित पुलिस परिसर में हुआ जबकि एक विस्फोट सामनाबाद इलाके में हुआ।












Click it and Unblock the Notifications