परंपरागत नृत्य में मिजोरम ने बनाया विश्व कीर्तिमान
गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एक प्रतिनिधि लुकिया सिनिगागलीसी ने समारोह की समाप्ति के बाद घोषणा की कि 10,780 लड़के-लड़कियों ने पूरी लय के साथ आठ मिनट तक बंबू नृत्य किया।
मिजोरम के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक जिम के. चोजाह ने संवाददाताओं से कहा, "10,736 लड़के-लड़कियों ने असम रायफल्स मैदान में करीब 671 टोलियां बनाकर नृत्य का प्रदर्शन किया।"
बंबू नृत्य को स्थानीय भाषा में चेरॉ नृत्य कहा जाता है। करीब नौ लाख की आबादी वाले राज्य के लोगों ने इस नृत्य से अपनी कुशलता, क्षमता, उत्कृष्टता और आकांक्षा का प्रदर्शन किया।
पिछले साल फिलीपींस के केबू में 7,700 लोगों ने एक साथ नृत्य किया था, जिसे मिजोरमवासियों ने पीछे छोड़ दिया।
मिजोरम के कला एवं संस्कृति मंत्री पी. सी. जोरामसांगलियाना ने आईएएनएस से कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि से हम लोग बेहद खुश हैं।
एक अधिकारी ने कहा, "हमारे लिए आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि हमारा परंपरागत नृत्य देश की सीमाओं को पार करके पूरी दुनिया की सुर्खियों में है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications