बरेली में फिर भड़की हिंसा, 10 गिरफ्तार
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यस्था) बृजलाल ने शुक्रवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि आज हिंसा सुभाषनगर थाने क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में हुई, जिसमें उप्रदवियों ने आगजनी कर पुलिस पर पथराव किया, जिससे बरेली के पुलिस अधीक्षक(शहर) राकेश जॉली सहित चार पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
उन्होंने कहा कि हालात काबू में करने के लिए पुलिस को रबर बुलेट और आंसू गैस का प्रयोग करना पड़ा, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।
बृजलाल ने कहा कि शहर की फिजा बिगाड़ने और पुलिस पर पथराव करने के आरोप में आज 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया। इससे पहले 269 उपद्रवी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
लाल ने कहा कि अब कर्फ्यू किला, प्रेमनगर, कोतवाली और बारादरी के साथ-साथ सुभाषनगर थाना क्षेत्र में भी लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि हालात नियंत्रण में करने के लिए दूसरे जिलों से पुलिस बल बरेली भेजा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ताजा हिंसा का कारण मुस्लिम धर्मगुरु एवं इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल के अध्यक्ष तौकीर रजा खान का रिहा होना है। उनकी रिहाई के बाद एक समुदाय के लोग विरोध कर रहे थे। खान को भड़काऊ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
गत 2 मार्च को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान शहर में दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी, जिसके बाद लगातार तनाव बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications