भारत-अफ्रीका व्यापार सम्मेलन में 9 अरब डॉलर के सौदों की आशा
सम्मेलन में 34 अफ्रीकी देशों से राजनीति और व्यापार जगत से जुड़ी करीब 400 नामी हस्तियां शिरकत करेंगी। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा समारोह का उद्घाटन करेंगे।
सम्मेलन के दौरान भारत और अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार को अगले पांच साल में 70 अरब डॉलर तक पहुंचाने की रणनीति का खाका खींचा जाएगा।
घाना के उप-राष्ट्रपति जॉन ड्रमानी महामा सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान नौ अरब डॉलर से ज्यादा के 145 व्यापार प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के भारतीय आयात-निर्यात बैंक और वाणिज्य एवं विदेश मंत्रालयों के साझा प्रयास से इस सम्मेलन को आयोजित किया जा रहा है जिसकी केंद्रीय विषय वस्तु 'विकासशील सहयोग : एक दृष्टिकोण विकसित करना' है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के पूर्व और दक्षिण अफ्रीका मामलों में संयुक्त सचिव गुरजीत सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "भारत सरकार की समग्र अफ्रीकी नीति को लागू करने में यह सम्मेलन अहम भूमिका निभाता रहा है।"
इथोपिया में भारत के पूर्व राजदूत रहे सिंह ने कहा कि भारत और अफ्रीका के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों का उद्देश्य अफ्रीकी देशों में विकास के लक्ष्यों को हासिल करना है।
सम्मेलन से भारत और अफ्रीका के नेताओं को क्षेत्रीय और द्विपक्षीय भागीदारी को मजबूत करने और अफ्रीका के दीर्घकालिक विकास परियोजनाओं में भारत की भागीदारी बढ़ाने के लिए बातचीत का एक मंच मिलेगा।
सम्मेलन में विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा, विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर, वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और योजना आयोग के सदस्य अरुण मायर समेत व्यापार जगत से जुड़ी कई हस्तियां हिस्सा लेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications