..तो हम निर्णायक कार्रवाई करेंगे : चिदंबरम (लीड-1)
चिदंबरम ने समाचार पत्रिका 'इंडिया टुडे' द्वारा आयोजित 'साउथ एशिया : सेक्योरिंग द फ्यूचर' शीर्षक वाले एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "हम यह सुनिश्चित कराएंगे कि पाकिस्तानी धरती से यदि भारत पर कोई दूसरा हमला हुआ तो हम तत्काल व निर्णायक जवाब देंगे।"
यह पूछे जाने पर कि क्या ऐसी स्थिति में सैन्य कार्रवाई की जाएगी, चिदंबरम ने कहा, "इतना ही कहना पर्याप्त है कि हमारी प्रतिक्रिया तत्काल और निर्णायक होगी।"
जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद को लेकर पाकिस्तान के कपटपूर्ण रवैये का जिक्र करते हुए चिदंबरम ने कहा, "पूरी दुनिया में एक निश्चित तरीके से जांच की गई है। यदि पाकिस्तान सईद से पूछताछ का तरीका नहीं जानता तो उसे मेरे एजेंटों को वहां जाकर इस काम को करने की इजाजत दे देनी चाहिए। मैं इसे पूरा करना चाहूंगा।"
चिदंबरम ने इस बात को सामने रखा कि पाकिस्तान को कितने ऐसे दस्तावेज सौंपे गए, जिनमें इन सब बारे में ब्योरेवार जानकारी शामिल है कि हाफिज सईद ने किन तारीखों को, किन स्थानों पर आतंकी शिविरों का दौरा किया और मुंबई हमले के संदिग्धों से बातचीत की।
चिदंबरम ने कहा, "अब यदि पाकिस्तान शुतुरमुर्ग की तरह अपना सिर जमीन में गाड़ लेना चाहता है तो हम क्या कह सकते हैं। मैं तो यह मानना चाहूंगा कि पाकिस्तान ने अराजक तत्वों को प्रायोजित करने से अपना कदम पीछे खींच लिया है, लेकिन अभी तक इस बारे में कोई सबूत सामने नहीं आया है।"
चिदंबरम ने कहा, "पाकिस्तान को एक सच्चा लोकतांत्रिक देश बनने के लिए खुद को बदलना चाहिए, ताकि सच्ची सत्ता लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेताओं के हाथों में हो।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications