लाहौर में दोहरे आत्मघाती हमले में 48 की मौत (लीड-4)
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चौधरी शफीक ने संवाददाताओं को बताया कि सुरक्षा बलों ने घटनास्थल के पास से दोनों हमलावरों के सिर बरामद कर लिए हैं। सेना के जवानों ने घटनास्थल को घेर लिया है।
सैन्य छावनी के पास स्थित शहर के आरए बाजार में सुरक्षा बलों के वाहनों के पास हमलावरों ने 15 मिनट के अंतराल पर खुद को उड़ा दिया। उस समय लोग जुमे की नमाज के लिए इकट्ठा हुए थे।
चौधरी शफीक ने बताया, "हमलावरों के निशाने पर सैन्य वाहन थे।" सुरक्षा बलों के सूत्रों ने बताया कि लहौर में अंजाम दिए गए इस भीषण हमले में 48 लोगों की मौत हो गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि हमले में 30 नागरिकों और 18 सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है।
पंजाब प्रांत के पुलिस प्रमुख तारिक सलीम डोगर ने बताया कि इस हमले में कम से कम 95 लोग घायल हो गए। उन्होंने हालांकि 39 लोगों के मरने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दोनों आत्मघाती हमलावर पैदल आए थे।
इस हफ्ते लाहौर में दूसरी बार हमला हुआ है। इससे पहले माडल टाउन इलाके में संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) की इमारत पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 15 लोग मारे गए थे और 70 घायल हो गए थे।
पंजाब सूबे के कानून मंत्री राणा सनाउल्लाह ने स्थानीय समाचार चैनल 'शमा न्यूज' से कहा कि शहर के अन्य इलाकों की तुलना में छावनी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था ज्यादा कड़ी रहती है इसलिए इस हमले का कारण सुरक्षा में चूक नहीं माना जा सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति और हर कार की जांच नहीं की जा सकती क्योंकि ऐसा करने पर जनजीवन ठप हो जाएगा।
पाकिस्तान में वर्ष 2007 से लेकर अब तक दर्जनों आत्मघाती हमलों में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications