दो बेटियों सहित महिला ने की आत्महत्या
पटना, 12 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में पूर्णिया जिले के कृत्यानंदनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक महिला ने कथित रूप से अपने दो पुत्रियों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार कृत्यानंदनगर में पारिवारिक विवाद के कारण गुरुवार रात शशिकला देवी ने अपने दो पुत्रियों के साथ कोई जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। उनकी दोनों मृतक बेटियों की उम्र चार वर्ष और छह माह बताई गई है।
कृत्यानंदनगर थाना के प्रभारी महफूज आलम ने शुक्रवार को बताया, "शशिकला देवी का अपने पति अरूण मलहार से अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार को भी पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इस मामले की एक प्राथमिकी थाने में दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।"
ज्ञात हो कि शशिकला देवी का विवाह वर्ष 2001 में अरूण मलहार के साथ हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications