परामर्श के बाद लोकसभा में पेश होगा महिला विधेयक: कांग्रेस
लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक पबन सिंह घाटोवार ने विधेयक को पेश किए जाने की निश्चित तिथि के बारे में कुछ नहीं कहा।
महिला आरक्षण विधेयक को मंगलवार को राज्यसभा में पारित किया गया था। घाटोवार ने आईएएनएस से कहा, "हम विधेयक को पारित करवाना चाहते हैं। परामर्श के बाद ही इसे लोकसभा में लाया जाएगा।" उन्होंने कहा कि सरकार विधेयक से संबंधित मतभेदों को खत्म करना चाहती है।
मौजूदा सत्र में विधेयक को पारित किए जाने के सवाल पर घाटोवार ने कहा, "मैं इस संबंध में टिप्पणी नहीं करूंगा।"
गुरुवार को केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने लोकसभा को आश्वस्त किया था कि सरकार महिला विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों से संपर्क करेगी। उल्लेखनीय है कि कुछ दलों ने कहा है कि वे मौजूदा स्वरूप में विधेयक का समर्थन नहीं करेंगे।
घाटोवार ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ परामर्श की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सरकार विधेयक को लोकसभा की कार्य सलाहकार समिति को सौंपेंगी, जिसके बाद इसे पारित करने की तारीख तय की जाएगी।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस सभी से संपर्क करने पर विश्वास करती है। जब सभी दल विचार-विमर्श की मांग कर रहे हैं तो सरकार इससे पीछे नहीं हटेगी। "
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) मौजूदा स्वरूप में विधेयक का विरोध कर रहे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), वाम दल और कांग्रेस इसका समर्थन कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications