उड़ीसा में चलने लगी लू
राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "राज्यभर में लू के चलते सभी जिलाधिकरियों को सतर्क कर दिया गया है।"
अधिकारी ने बताया, "हमने खासकर भरी दोपहरी में लोगों से घर के अंदर रहने के लिए कहा है।"
उन्होंने कहा कि एक सलाह जारी कर लोगों से दोपहर बाद वाहन कम इस्तेमाल करने का निवेदन किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से राज्य के पश्चिमी हिस्से के कई शहरों में तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया जो औसत तापमान से ज्यादा है।
अधिकारी ने बताया," जिला प्रशासन से अस्पतालों में चिकित्सकों को तैनात करने और पर्याप्त मात्रा में दवाएं मुहैया कराने को कहा गया है ताकि लू से प्रभावित मरीजों का उचित इलाज किया जा सके।"
गर्म हवाओं के मद्देनजर विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के समय में बदलाव करने का भी निर्देश दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले कुछ दिनों से अंगुल जिले के औद्योगिक शहर तलचर में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच गया है, हालांकि गुरुवार को यहां का तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
भाबनीपटना में गुरुवार को उच्चतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मल्कानगिरी, तितिलागढ़ और बोलानगिर में तापमान क्रमश: 38.7, 38.5 डिग्री और 38.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications