कनाडा में भारतीय मूल के नेता की रिहाई से सियासी हलचल तेज
टोरंटो, 11 मार्च (आईएएनएस)। कनाडा में कोकीन का सेवन करने और नशे की हालत में कार चलाने के आरोपी भारतीय मूल के एक पूर्व सांसद के बरी हो जाने से यहां की राजनीति गरमा गई है।
भारतीय मूल के 38 वर्षीय रहीम जाफर को गत मंगलवार को एक अदालत ने इस मामलों में बरी कर दिया था। उन्हें पिछले साल सितम्बर में गिरफ्तार किया गया था।
जाफर को अदालत ने सिर्फ लापरवाही से कार चलाने को दोषी माना। इस मामले में राजनीतिक सरगर्मी तेज होने की वजह, जाफर की पत्नी हेलेना गर्जिस का मौजूदा सरकार में महिला मामलों की कैबिनेट मंत्री होना है।
विपक्षी सांसद अनीता नेविले ने कहा, "सत्ताधारी कंजरवेटिव पार्टी के लोग उस समय शांत हैं जब उनके ही एक व्यक्ति द्वारा कानून का दुरुपयोग किया जा रहा है। क्या सरकार मानती है कि जाफर ने जो अपराध किया है, उसकी सजा यही होनी चाहिए।"
सत्ताधारी दल के सांसद और मंत्री बुधवार को संसद के बाहर मीडिया से कन्नी काटते दिखे। उनका सिर्फ इतना कहना था कि इस मामले पर अदालत ने फैसला सुनाया है।
उल्लेखनीय है कि जाफर 25 वर्ष की उम्र में सांसद बने थे। वह 1997 से 2008 तक सांसद रहे। पिछले चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications