फिर नहीं चल सका प्रश्नकाल, लोकसभा दो बजे तक स्थगित
इस विधेयक को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के सदस्यों ने लोकसभा में जमकर हंगामा किया था। गुरुवार को इन तीनों दलों के नेताओं मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव और शरद यादव को प्रश्नकाल के दौरान बोलने का मौका दिया और इन तीनों ने अपनी बात रखी भी। परंतु फिर भी कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी और प्रश्नकाल फिर नहीं हो सका।
मुलायम, लालू और शरद के बाद लोकसभा में सदन के नेता व केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने इस विधेयक पर सरकार का पक्ष रखा। मुखर्जी की बात खत्म होने के बाद ही तीनों दलों के सदस्यों ने फिर फिर हंगामा कर दिया। इसकी वजह से लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी। दोबारा जब सदन बैठा तो यही हालात थे। अलबत्ता सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
इन तीनों नेताओं का विरोध विधेयक के मौजदूा प्रारूप को लेकर है। ये लोग महिला आरक्षण विधेयक में मुस्लिम, दलित और अन्य पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान किए जाने की मांग कर रहे हैं। इस वजह से ये नेता लोकसभा को पिछले कुछ दिनों से बाधित कर रहे हैं। बुधवार को लोकसभा में कोई काम नहीं हो सका था।
उल्लेखनीय है महिला आरक्षण विधेयक पेश किए जाने के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार करने वाले सात सदस्यों कमाल अख्तर, नंदकिशोर यादव, वीरपाल सिंह यादव, आमिर अली खान, एजाज अली, सुभाष प्रसाद यादव और साबिर अली को मंगलवार को बजट सत्र के लिए राज्यसभा से निलंबित भी कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications