महंगाई रोकने के लिए सरकार गंभीर नहीं : भाजपा
नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। महंगाई रोकने के लिए सरकार के प्रयासों पर सवाल उठाते हुए मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफे से आम आदमी को काफी मुसीबतें झेलनी पड़ेंगी।
वित्त वर्ष 2010-11 के बजट पर बहस की शुरुआत करते हुए लोकसभा में भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा, "संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के लिए आम आदमी वह है जो हर महीने 25 हजार रुपये से ज्यादा कमाता है। लेकिन हकीकत में जो आम आदमी है, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफे से एक बार फिर उसकी हालत पतली होगी।"
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थो की कीमतों में कमी लाने के लिए बजट में कोई प्रस्ताव नहीं है। सरकार ने चुनाव जीतने के लिए प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा की थी। अब प्रधानमंत्री दीर्घकालिक दृष्टिकोण के मद्देनजर वित्तीय अनुशासन पर जोर दे रहे हैं। अगले आम चुनाव तक वह ऐसा ही कहते रहेंगे।
उन्होंने ये आरोप प्रधानमंत्री के हालिया बयान के परिप्रेक्ष्य में लगाए जिसमें उन्होंने कहा था कि कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा लेकिन हमें दीर्घकालिक दृष्टिकोण रखना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications