बीडीआर ने बीएसएफ से किया आतंकवादियों के खिलाफ सख्ती का वादा (लीड-1)
नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। भारत के विरुद्ध बांग्लादेश से आतंकवादी गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ वहां की सरकार ने सख्ती बरतने का वादा किया है।
बांग्लादेश राइफल्स (बीडीआर) के महानिदेशक मैनुल इस्लाम के साथ बैठक के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक रमन श्रीवास्तव ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "हमने बांग्लादेश में छिपे संभावित आतंकवादियों की एक सूची सौंपी है। हमें विश्वास है कि बीडीआर इस दिशा में सहयोग करेगा।"
उन्होंने कहा कि बीडीआर अपने क्षेत्र में मौजूद आतंकवादियों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है। हमने अपनी चिंता से उन्हें अवगत कराया है और हमें उनसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
मैनुल इस्लाम ने कहा कि किसी भी देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां चलाने के लिए बांग्लादेश अपनी जमीन का इस्तेमाल नहीं होने देगा।
श्रीवास्तव ने कहा, "हम दोनों एक दूसरे की चिंताओं से अवगत हुए। दोनों देशों के बीच 4000 किलोमीटर की सीमा है। ऐसे सभी प्रयास सुनिश्चित किए जाएंगे कि सीमा पर कोई निर्दोष व्यक्ति न मारा जाए।"
दोनों महानिदेशकों ने इस बात पर जोर दिया कि जनवरी में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग के नए युग की शुरुआत हुई है।
शेख हसीना की भारत यात्रा के दौरान तस्करी, अवैध प्रवास, आतंकवाद और सीमा पार आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने के लिए कुछ समझौतों पर सहमति बनी थी। इन्हीं समझौतों को आगे बढ़ाने की दिशा में यह बातचीत शुरू हुई है।
श्रीवास्तव ने कहा कि हिंसा फैलाने वालों और सीमा पार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने के काम में प्रगति है लेकिन अभी काफी हिस्सा बचा हुआ है।
मैनुल इस्लाम ने कहा कि महानिदेशक स्तर की वार्ता के अलावा निचले स्तर के अधिकारियों की बातचीत शुरू करने को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications