राजस्थान में दो सड़क दुर्घटनाओं में चार की मौत
जयपुर, 11 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी की व्यस्ततम सड़कों में से एक सांगानेर रोड पर आज सुबह विपरीत दिशा से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। वहीं एक अन्य हादसे में अजमेर जिले के विजयनगर क्षेत्र में देर रात एक ट्रककी चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन भाइयों की मौत हो गई।
जयपुर की घटना के बाद सांगानेर रोड पर लोगों ने करीब चार घंटे तक सड़क पर हंगामा कर यातायात बाधित किया। ट्रककी आग बुझाने पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी को भी लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। जिसमें छह लोगों को चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार तड़के करीब सात बजे सांगानेर सेतु पर एक बजरी से भरा ट्रक टोंक की ओर जा रहा था जबकि दूसरी तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक जयपुर की ओर से आ रहा था। मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ जाने से वह ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। बीच सड़क पर जलते हुए ट्रकसे दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। घटना के करीब एक घंटे बाद सांगानेर पुलिस अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची जिसके बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एक अन्य घटना में अजमेर जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र में बुधवार रात दो बजे उस वक्त हुई जब एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को कुचल दिया। तीनों भाई अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित समारोह में शािमल होकर घर लौट रहे थे। इस हादसे में दो भाइयों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीसरे व्यक्ति ने गुरुवार तड़के लगभग चार बजे अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल पर ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार विजय नगर इलाके में स्थित बड़ा आसन क्षेत्र में रहने वाले भैरूलाल, मिश्रीलाल और पांचूराम भैरूलाल के ससुराल से वापस लौट रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications