उप्र में थाना बना मंडप
मामला जिले के अचलगंज थाने का है, जहां बुधवार को थाना प्रभारी श्रीधर पाठक ने सतीश कुमार और माया की थाने में धूमधाम से शादी करवाई।
अचलगंज निवासी सतीश कुमार (24)और माया (21)एक दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिवार शादी को तैयार नहीं थे। सोमवार को दोनों घर से भाग गए, जिसके बाद युवती के पिता ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।
पुलिस ने मंगलवार को दोनों को उन्नाव शहर में ढूढ़ निकाला और पकड़कर थाने ले आई। थाने में पुलिस ने युवती को उसके परिजनों को सौंपकर युवक को हवालात में बंद कर दिया। बुधवार सुबह युवती घर से भागकर थाने आई और थाना प्रभारी से कहा अगर उसकी शादी सतीश से नहीं हुई तो वह मर जाएगी।
मामले के संबंध में पाठक ने गुरुवार को कहा, "दोनों ने हमें बताया कि वे एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते। दोनों शादी करके साथ रहना चाहते हैं लेकिन उनके परिजन इसके खिलाफ हैं। हमने मामले की जांच की और पाया कि दोनों बालिग हैं और कानूनन अपनी मर्जी से शादी कर सकते हैं। फिर हमने दोनों की शादी कराने का फैसला किया। थाना परिसर में ही मंडप बनवाया गया और विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच दोनों के एक दूसरे के गले में वरमाला डाली और सात फेरे लिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications