पाकिस्तान को हथियार चिंता का विषय

भारत के रक्षा मंत्री एके एंटनी ने इस बात पर चिंता जताई है कि अमरीका पाकिस्तान की सेना को आधुनिक हथियार मुहैया करवा रहा है.
रक्षा मंत्री ने अमरीका से कहा है कि वो ये सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान इन हथियारों का इस्तेमाल भारत के ख़िलाफ़ नहीं केरगा.
तिरुअनंतपुरम में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत ने अमरीका से आग्रह किया है कि वो ये देखे कि आतंकवादी गुटों के ख़िलाफ़ लड़ने के लिए दिए गए हथियारों का सही इस्तेमाल हो और भारत को निशाना न बनाया जाए.
रक्षा मंत्री का कहना था कि इस मामले को लेकर पूराना अनुभव अच्छा नहीं रहा है. उनका कहना था कि रक्षा मंत्रालय इस विषय को गंभीरता से ले रहा है.
कुछ महीने पहले पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने बयान दिया था कि पाकिस्तान ने तालिबान से लड़ने के लिए अमरीका से मिलने वाली फ़ौजी मदद को भारत के ख़िलाफ़ मज़बूती हासिल करने के लिए इस्तेमाल किया.
अमरीकी कांग्रेस में पहले भी इस तरह की बातें होती रही हैं कि पाकिस्तानी अल क़ायदा और तालिबान के ख़िलाफ़ मिल रही फ़ौजी मदद को भारत के ख़िलाफ़ अपनी ताक़त बढ़ाने के लिए कर रहा है.
लेकिन पाकिस्तानी हुकूमत इन आरोपों को बेबुनियाद बताती रही है.












Click it and Unblock the Notifications