खिलाड़ियों को हूजी की चेतावनी

यह धमकी शनिवार को पुणे में हुए बम विस्फोट के बाद 'एशिया टाइम्स ऑनलाइन' को भेजी है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा की चिंताओं को ख़ारिज करते हुए कहा है कि सभी खेल आयोजनों के लिए पुख़्ता सुरक्षा इंतज़ाम कर लिए गए हैं.
भारत में इस साल कई महत्वपूर्ण खेल आयोजन होने हैं जिनमें हॉकी विश्व कप, आईपीएल-3 और राष्ट्रमंडल खेल हैं. राष्ट्रमंडल खेलों में सुरक्षा इंतज़ाम को लेकर पहले भी चिंताएँ की जाती रही हैं लेकिन ब्रिटेन जैसे देश की सुरक्षा टीमों में इंतज़ामों का जायज़ा लेने के बाद संतोष ज़ाहिर किया है.
चेतावनी
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को चेतावनी हूजी के प्रमुख इलियास कश्मीरी की ओर से आई है. समाचार एजेंसी पीटीआई ने 'एशिया टाइम्स आनलाइन' के हवाले से कहा है कि पूर्व पाकिस्तानी कमांडो इलियास कश्मीरी ने चेतावनी दी है, "भारत में लगातार धमाके हो रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चाहिए कि वह अपने खिलाड़ी भारत न भेजे. भारत जाने पर उनकी जान को ख़तरा है."
उन्होंने कहा है, "इस चेतावनी के बावजूद खिलाड़ी अगर विश्व कप हाकी, आईपीएल या राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने भारत जाते हैं, तो किसी भी दुर्घटना के लिए वे खुद जिम्मेदार होंगे." इलियास कश्मीरी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कश्मीर के लोगों को 'आत्मनिर्णय का अधिकार दिलवाने और कश्मीरियों पर हो रहे अत्याचार' को रोकने में मदद की अपील भी की है. उन्होंने कहा है कि उनका संगठन बाबरी मस्जिद के विध्वंस और वर्ष 2002 में गुजरात में हुए दंगों का भी बदला लेगा.












Click it and Unblock the Notifications