आंध्र विधानसभा में कांग्रेस विधायकों का हंगामा (लीड-1)
सत्तारुढ़ कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा में 'जय तेलंगाना' के नारे लगाए। विधायकों द्वारा पृथक तेलंगाना की मांग से कांग्रेस में दरार आ गई है। राज्यपाल के संबोधन के दौरान तेलंगाना समर्थक कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी की।
उधर, तटीय आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायकों ने एकीकृत आंध्र प्रदेश के पक्ष में नारेबाजी की। तेलंगाना क्षेत्र के तेदेपा विधायकों ने विधानसभा का बहिष्कार किया।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष एन.किरणकुमार रेड्डी ने 12 विधायकों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। पृथक तेलंगाना मसले पर न्यायाधीश बी.एन.श्रीकृष्णा की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय समिति के कार्यक्षेत्र की घोषणा के खिलाफ रविवार को तेलंगाना क्षेत्र के 15 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा था।
रेड्डी ने जिन विधायकों का इस्तीफा स्वीकार किया है, उसमें तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के सभी 10 और मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक-एक सदस्य शामिल हैं।
रेड्डी ने सत्तारुढ़ कांग्रेस के दो और प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के एक विधायक के इस्तीफे पर फैसला नहीं किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications