फ़ोनसेका ने की शांति की अपील

श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव हार चुके पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल सरथ फ़ोनसेका ने बुधवार को हुई झड़पों के बाद अपने समर्थकों से शांति की अपील की है.
उनकी गिरफ़्तारी का विरोध कर रहे समर्थकों और सरकार समर्थकों के बीच बुधवार को झड़पें हुई थीं.
कोलंबो में श्रीलंका के सुप्रीम कोर्ट के बाहर पुलिस ने विपक्ष के हज़ारों प्रदर्शनकारियों और सरकार के समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए आँसू गैस का इस्तेमाल किया था. अधिकारियों के अनुसार इसमें कुछ लोग घायल हुए थे.
पूर्व सेनाध्यक्ष सरथ फ़ोनसेका को सोमवार गिरफ़्तार कर लिया गया था.
जनरल फ़ोनसेका की पत्नी एनोमा उनसे मिलने गई थीं.
लौटने के बाद उन्होंने कहा कि जनरल फ़ोनसेका चिंतित हैं और उन्होंने कहा है कि सेना में और दूसरी जगह भी उनके समर्थक 'किसी उकसावे में न आएँ.'
सरकारी अधिकारी राजीवा विजेसिन्हा ने शांति की इस अपील का स्वागत किया है लेकिन विपक्ष पर तनाव पैदा करने का आरोप लगाया है.
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने श्रीलंका की स्थिति पर चिंता ज़ाहिर करते हुए राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से क़ानूनी प्रक्रिया का पालन करने की अपील की है.
उन्होंने कहा है कि वे श्रीलंका में अपना एक विशेष दूत भी भेज रहे हैं.
इस बीच श्रीलंका के सूचना मंत्री अनुरा यापा ने बीबीसी को बताया है कि राष्ट्रपति राजपक्षे ने उनसे पद छोड़ने के लिए कहा है.
उनका कहना है कि सूचना मंत्रालय का काम शायद राष्ट्रपति राजपक्षे ख़ुद संभालेंगे.












Click it and Unblock the Notifications