फ़िलिपींस में 196 पर हत्या का आरोप

फ़िलिपींस में विधि विभाग ने पिछले साल नवंबर में हुई सामूहिक हत्या के मामले में 196 और लोगों के ख़िलाफ़ आरोप तय किए हैं.
अब तक इस मामले में सिर्फ़ एक व्यक्ति के ख़िलाफ़ आरोप तय किया गया था.
चुनाव के पहले की गई इस हत्या के पीछे राजनीति और परिवारों की प्रतिद्वंद्विता को कारण माना गया है.
राज्य के दक्षिणी द्वीप मिंदानाओ में 57 लोगों को मार दिया गया था जिसमें 31 पत्रकार भी थे.
जिन लोगों के ख़िलाफ़ आरोप तय किए गए हैं उनमें एक प्रभावशाली परिवार के प्रमुख अंदाल अंपातुआन सीनियर भी हैं. वे पूर्व राष्ट्रपति ग्लोरियो अरोयो के क़रीबी भी रहे हैं.
जिस एक व्यक्ति पर पहले आरोप तय किया गया है वे अंदाल अंपातुआन के बेटे हैं.
आरोप
फ़िलिपींस के विधि विभाग का कहना है कि राष्ट्रीय जाँच ब्यूरो की जाँच के बाद अब कुल 197 लोगों पर इस सामूहिक हत्या का आरोप दर्ज किया गया है.
इनमें अंदाल अंपातुआन सीनियर भी शामिल हैं जो शक्तिशाली अंपातुआन परिवार या क़बीले के मुखिया हैं.
यह परिवार मिंदानाओ में राजनीति को नियंत्रित करता है और प्रांत में उनका अपनी निजी सेना भी है.
अब तक सिर्फ़ उनके बेटे के ख़िलाफ़ आरोप था और इस समय उनकी ज़मानत याचिका पर सुनवाई चल रही है.
लेकिन अब उनके साथ 196 और लोगों के ख़िलाफ़ भी सुनवाई चलेगी.
माना जा रहा है कि ये 196 लोग भी ज़मानत की याचिका दायर करेंगे और इन सब पर सुनवाई एक साथ चलेगी.
यह हत्या कांड मांगुइनदनाओ में हुई थी जब अंदाल अंपातुआन के प्रतिद्वंद्वी की पत्नी, उनके सहायकों, परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में पत्रकारों का सौ हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया गया था.
ये सभी लोग स्थानीय चुनावों के लिए परिवार के मुखिया का नामांकन दाख़िल करने के लिए जा रहे थे.
जब अधिकारी वहाँ पहुँचे तो इन सभी लोगों के शवों को सामूहिक रुप से दफ़ना दिया गया था.
इस हत्याकांड में मारे गए मीडियाकर्मियों के वकील ने 196 और लोगों के ख़िलाफ़ आरोप तय करने के फ़ैसले का स्वागत किया है लेकिन कहा है कि इसमें समस्या यही है कि इससे सुनवाई शुरु होने में विलंब हो जाएगा.
विधि विभाग ने कहा है कि इसके बाद उसका अगला क़दम यह होगा कि इस मामले की सुनवाई दक्षिणी फ़िलिपींस की जगह मनीला में हो सके.












Click it and Unblock the Notifications