करोड़ों के गबन के मामले में भारतीय महिला पर आरोप तय
वाशिंगटन, 21 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी कंपनी 'कॉस कॉर्प' की वरिष्ठ कार्यकारी रह चुकीं भारतीय मूल की एक महिला के खिलाफ 3.1 करोड़ डॉलर के गबन के मामले में आरोप तय कर दिए गए हैं।
विस्कॉन्सिन प्रांत के मिलवाउकी जिले की एक अदालत द्वारा सुजाता 'सुए' सचदेवा पर छह मामलों में आरोप तय किया गया। सुजाता इस कंपनी में वित्त मामलों की उपाध्यक्ष और सचिव थीं। उन्होंने यह पद वर्ष 1992 में संभाला था।
सुजाता (46) पर आरोप है कि उन्होंने कंपनी के पैसे से अमेरिकन एक्सप्रेस के क्रेडिट कार्ड बिल भरे, कपड़े, परफ्यूम, पर्स, जूते, ज्वेलरी, कार और कई अन्य वस्तुएं खरीदीं। आरोप यह भी है कि उन्होंने अपनी निजी यात्रा और पारिवारिक कामों के लिए और यहां तक कि कई मकान खरीदने में भी कंपनी के पैसे का इस्तेमाल किया।
अमेरिकी वकील जेम्स एल. सैंटेल ने कहा कि यह मामला इस जिले के गबन से जुड़े अब तक के सबसे बड़े मामलों में एक है।
सुजाता के खिलाफ जो आरोप तय किए गए हैं उनमें हरेक के लिए उन्हें 20 वर्ष से अधिक कैद और 250, 000 डॉलर हर्जाने की सजा हो सकती है। छह मामलों के संदर्भ में सुजाता को 120 साल कैद और लगभग 15 लाख डॉलर जुर्माने की सजा हो सकती है।
मामले के प्रकाश में आने के बाद 'कॉस कॉर्प' ने सुजाता को विगत 24 दिसम्बर को बर्खास्त कर दिया था। कंपनी की ओर से दर्ज शिकायत में कहा गया है कि क्रेडिट कार्ड के बिल के लिए सुजाता ने 45 लाख डॉलर कंपनी के कोष से दिए थे।
संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने सुजाता को उनके मेक्योन स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। जांचकर्ताओं ने उनके पास से 22,000 से अधिक ऐसी वस्तुओं की बरामदगी की थी जिन्हें उन्होंने कंपनी के पैसे से खरीदे थे। बाद में उन्हें 50,000 डॉलर के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications