हरियाणा, पंजाब और चण्डीगढ़ में घना कोहरा, यातायात प्रभावित
चण्डीगढ़ में भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "इस इलाके में बुधवार रात से ही घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे की वजह से दृश्यता गिरकर 50 मीटर तक पहुंच गई जिससे रेलसेवाएं और सड़क यातायाता प्रभावित हुआ।"
घने कोहरे के कारण चण्डीगढ़ रेलवे स्टेशन पर अधिकांश ट्रेने तीन से आठ घंटे लेट थीं और वहां पर सैकड़ो यात्री फंसे रहे। कम दृश्यता की वजह से सड़क यातायात काफी प्रभावित हुआ।
गौरतलब है कि पंजाब के अमृतसर शहर का तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे था।
लुधियाना और पटियाला में तापमान गुरुवार को क्रमश: 4.8 डिग्री सेल्सियस और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चण्डीगढ़ का तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, " मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना व्यक्त की है। हम पंजाब और हरियाणा के कुछ भागों में आने वाले दिनों में छिटपुट बारिश भी हो सकती है।"
हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.3 डिग्री , 4.8 और 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications