आस्ट्रेलिया में भारतीय टैक्सी चालक पर हमला
मीडिया रपटों के अनुसार गत माह मेलबर्न में एक 30 वर्षीय टैक्सी चालक रविंदर सिंह पर उसके मंगेतर के घर के बाहर एक नकाबपोश व्यक्ति ने हमला कर दिया था। हमले में सिंह के फेफड़े में चोट लगी थी।
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक शुरुआत में पुलिस इस घटना को सड़क पर होने वाला झगड़ा मान रही है। जासूस सार्जेट स्टुअर्ट बैली ने कहा कि जब उन्होंने पीड़ित सिंह से बातचीत की तो पता चला कि सड़क पर पहले उसके कार को धक्का मारा गया और जब वह विरोधवरूप बाहर निकले तो एक अन्य कार में सवार यात्रियों ने उन्हें पकड़ लिया और पैसे की मांग करने लगे।
यह घटना नौ दिसंबर को देर रात 1.50 बजे ब्रंसविक स्थित कोलियर स्ट्रीट में हुई थी। उस वक्त सिंह अपने मंगेतर के घर से भोजन कर लौट रहे थे।
बैली ने कहा, "मैं इसे नस्ली हमले नहीं मानता हूं। मेरा मानना है कि पैसों के लिए टैक्सी चालक पर हमला किया गया था।" सिंह ने हमले के दौरान हमलावरों के कार का नंबर नोट कर लिया था। पुलिस ने उस कार को बरामद कर लिया था। हमलावर ने कार की चोरी की थी।
आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हो रहे लगातार हमलों पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को भारत ने कहा कि इन हमलों से दोनों देशों के संबंध प्रभावित होंगे।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने कहा था कि मेलबर्न के उत्तरी इलाके में भारतीय टैक्सी चालक पर हुए हमले से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीयों पर हो रहे हमलों से दोनों देशों के बीच शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में होने वाले आदान-प्रदान प्रभावित होंगे।
कृष्णा ने कहा कि इस मसले को आस्ट्रेलिया स्थित भारतीय अधिकारी वहां के अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने आस्ट्रेलिया से हमलावरों को गिरफ्तार करने की अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications