दिल्ली में घना कोहरा, हवाई व रेल सेवाएं प्रभावित
नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली गुरुवार सुबह कोहरे में लिपटी रही। कोहरा इतना ज्यादा था कि तड़के दृश्यता शून्य थी। इस कारण 48 उड़ानें और कम से कम 75 रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "घने कोहरे के कारण गुरुवार सुबह दृश्यता शून्य हो गई थी। सुबह 8.30 बजे तक भी दृश्यता खराब थी। इस समय दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी।"
अधिकारी ने बताया कि दोपहर 2.00 बजे तक घने कोहरे के छंटने का अनुमान नहीं है।
कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर उड़ानें प्रभावित हुईं। एक अधिकारी ने बताया कि कम से कम 48 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
अधिकारी ने कहा, "दृश्यता शून्य हो जाने पर कम दृश्यता में काम करने वाली प्रणालियां अपनाई गईं। हालांकि कई उड़ानों में देरी हुई और कई के समय में बदलाव करना पड़ा।"
कोहरे ने रेल सेवाओं को भी बुरी तरह प्रभावित किया।
उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता के मुताबिक 20 रेलगाड़ियां रद्द की गई, 32 के समय में बदलाव किया गया और 24 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से गुजरने वाली रेलगाड़ियों में तीन घंटे या उससे अधिक की देरी हो सकती है।
गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications