महाराष्ट्र सरकार के फैसले पर बिहार में तीखी प्रतिक्रिया
पूर्व रेल मंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने इस फैसले को बिहार के लोगों के साथ ज्यादती बताया वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस मुद्दे को केन्द्र सरकार के समक्ष उठाने की बात कही है।
पूर्व रेल मंत्री यादव ने महाराष्ट्र सरकार के फैसले पर कहा कि महाराष्ट्र में राज ठाकरे और बाल ठाकरे के नक्शे कदम पर ही कांग्रेस सरकार सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि यह किस संविधान में लिखा है कि केवल मराठी बोलने वालों को ही टैक्सी का लाइसेंस दिया जाएगा।
इधर, राज्य के उपमुख्यमंत्री मोदी ने भी महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया है। मोदी ने गुरूवार को कहा कि इस मामले पर वह केन्द्र सरकार से बात कर इस आदेश पर रोक लगाने की मांग करेंगे।
मोदी ने कहा कि यह फैसला देश की एकता और अखंडता को तोड़ने की साजिश है। उन्होंने कहा कि मुंबई में दो लाख टैक्सी चालक हैं, जिनमें अधिकांश हिन्दी भाषी हैं। उन्हें रोकने की साजिश हो रही है। मोदी ने कहा कि यह संविधान विरोधी कदम है जो पूरी तरह निन्दनीय है।
बिहार कांग्रेस के मीडिया प्रभारी हृदय कुमार वर्मा ने कहा कि मेट्रो सिटी में इस तरह का नियम बनाना बेतूका है। उन्होंने कहा कि टैक्सी चालकों को मराठी जानने की बाध्यता होने जैसे नियम तर्कसंगत नहीं है। इससे मतभेद बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बिहार कांग्रेस इस कानून का विरोध करेगी तथा इससे कांग्रेस अध्यक्ष को अवगत कराया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications