आस्ट्रेलिया में एक अन्य भारतीय पर हमला (लीड-2)
सिंह पर यह हमला तब किया गया था जब वह अपनी मंगेतर के घर से बाहर आ रहे था। उसकी मंगेतर के घर के बाहर एक नकाबपोश व्यक्ति ने हमला कर दिया था। हमले में सिंह के फेफड़े में चोट लगी थी। परंतु उसने मीडिया को अब उसकी जानकारी दी।
इस बीच आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविन रड ने गुरुवार को कहा कि भारतीयों पर हो रहे हमलों को आस्ट्रेलिया के शहरों में बढ़ रहे हिंसक अपराधों के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। उधर एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने इस मुद्दे पर हाहाकार मचाने से नस्लीय इरादे वाले लोगों की हिंसा और बढ़ने की संभावना की चेतावनी दी है।
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस घटना को सड़क पर होने वाला झगड़ा मान रही है। जासूस सार्जेट स्टुअर्ट बैली ने कहा कि जब उन्होंने पीड़ित सिंह से बातचीत की तो पता चला कि सड़क पर पहले उसके कार को धक्का मारा गया और जब वह विरोधस्वरूप बाहर निकले तो एक अन्य कार में सवार यात्रियों ने उन्हें पकड़ लिया और पैसे की मांग करने लगे।
यह घटना नौ दिसंबर को देर रात 1.50 बजे ब्रंसविक स्थित कोलियर स्ट्रीट में हुई थी। उस वक्त सिंह अपने मंगेतर के घर से भोजन कर लौट रहे थे। पुलिस इसे नस्लीय हमला नहीं मान रही है।
उधर, एडिलेड में गुरुवार को संवाददाताओं के साथ बातचीत में रड ने कहा कि अफसोसजनक बात है कि हाल में भारतीयों पर हमलों की कुछ घटनाएं हुई हैं। हमें यह स्वीकार करना चाहिए, लेकिन इन हमलों को अलग संदर्भ के साथ नहीं देखना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन हमलों को अन्य जातीय पृष्ठभूमि के छात्रों के खिलाफ हो रही व्यापक हिंसा, आस्ट्रेलियाई छात्रों के खिलाफ हो रही हिंसा और देश के बड़े शहरों के कुछ इलाकों में हो रही हिंसक घटनाओं के संदर्भ में देखना चाहिए।
रड ने कहा, "मेरा मानना है कि इन सभी संदर्भो को ध्यान में रखना काफी महत्वपूर्ण है।"
रड ने कहा, "यह स्वभाविक है कि ये मसले भारत के लिए कठिन हैं, आस्ट्रेलिया के लिए भी ये कठिन हैं। हम इन्हें सुलझाने के लिए कारगर तरीकों पर काम कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया में लगभग एक लाख भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं।
दूसरी ओर आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर हो रहे लगातार हमलों पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को भारत ने कहा कि इन हमलों से दोनों देशों के संबंध प्रभावित होंगे।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने कहा था कि मेलबर्न के उत्तरी इलाके में भारतीय टैक्सी चालक पर हुए हमले से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीयों पर हो रहे हमलों से दोनों देशों के बीच शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में होने वाला आदान-प्रदान प्रभावित होगा।
कृष्णा ने कहा कि इस मसले को आस्ट्रेलिया स्थित भारतीय अधिकारी वहां के अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने आस्ट्रेलिया से हमलावरों को गिरफ्तार करने की अपील की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications