बिहार में दूध के दाम नहीं बढ़ेंगे: नीतीश
पटना, 21 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि उनके राज्य में दूध के दाम नहीं बढ़ेंगे। उन्होंने कहा राज्य में दूध की कोई कमी नहीं है।
पटना में गुरुवार को मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के किसी भी बयान से मूल्य पर तत्काल प्रभाव नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और कृषि मंत्री महंगाई कम करने के लिए क्या कर रहे हैं, ये वे लोग ही जानें।
नीतीश ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण करने का काम केन्द्र सरकार का है परंतु केन्द्र सरकार इसका ठिकरा राज्य सरकार पर फोड़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महंगाई कम करने के लिए क्षमता अनुसार प्रयास कर रही है।
उन्होंने पवार के उस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया जिसमें उन्होंने दूध की कमी के कारण दूध के दाम बढ़ने की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में दूध की कोई कमी नहीं है और न ही फिलहाल राज्य में दूध के दाम बढ़ेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications