राहुल के दौरे की राजनीतिक प्रकृति से अनभिज्ञ था गोवा विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मोहन सांगोदकर ने संवाददाताओं को बताया कि जिन लोगों ने कांग्रेस नेता की बैठक की अनुमति मांगी थी उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सांगोदकर ने कहा, "युवा कांग्रेस ने जो किया वह ठीक नहीं है। गोवा विश्वविद्यालय की अनुमति का पूरी तरह गलत उपयोग है।"
गांधी के मंगलवार के दौरे के एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तीन राजनीतिक बैठकों की अनुमति देकर अधिकारी गोवा विश्वविद्यालय परिसर का राजनीतिकरण कर रहे हैं।
मंगलवार को हुई तीन बैठकों ने पूरे प्रदेश में भारी विवाद पैदा किया है। गांधी ने विश्वविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के सदस्यों, युवक कांग्रेस के सदस्यों और प्रदेश कांग्रेस समिति के पदाधिकारियों की बैठकों को संबोधित किया।
सांगोदकर ने कहा कि सम्मेलन कक्ष को युवक कांग्रेस को केवल आपात स्थिति के लिए आवंटित किया गया था।
उन्होंने कहा कि यदि कोई अतिविशिष्ट व्यक्ति परिसर में आता है तो एक सुरक्षित स्थान का प्रबंध आपात उद्देश्य या गोपनीय चर्चा के लिए किया गया। किसी को नहीं पता था कि उसका उपयोग इस प्रकार की बैठकों के लिए होगा।
भाजपा के दबाव में रजिस्ट्रार ने गोवा के सभी हिस्सों से छात्रों को राहुल गांधी के साथ चर्चा के लिए बुलाने का परिपत्र भी रद्द कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications